धमतरी में ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी रविवार को धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित समाज के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद,जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी, युवा, स्वयंसेवी संगठन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कार्यक्रम ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन भी लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, नवाचार, कौशल, खेल और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करेगी।
इसके बाद मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। यदि युवा नशे से दूर रहकर ज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाएं, तो भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक सशक्त स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आग्रह किया।
लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने भी सभा को संबोधित किया
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि धमतरी जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नई तकनीकों से जोड़कर भविष्य की रोजगार संभावनाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित युवा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग करते हुए जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।





0 टिप्पणियाँ