लूट की घटना के बाद तत्काल सक्रिय हुई धमतरी पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दबिश देकर किया तत्काल गिरफ्तार
धमतरी।थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी आए युवक को रास्ते में रोककर मारपीट एवं लूटपाट करने के मामले में एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रार्थी के महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल एवं 1 स्कूटी जब्त की है।

प्रार्थी रोहित कुमार यादव, पिता रामेश्वर यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बोरिदकला, थाना पुरुर, जिला बालोद ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 14 सितंबर को वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा खरीदने कुम्हारपारा, धमतरी आ रहा था। दोपहर करीब 2:00 बजे रिसाईपारा म्युनिसिपल स्कूल के पास दो दोपहिया वाहनों में सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई तथा प्रार्थी के पास रखा पर्स लूटकर मौके से फरार हो गए। पर्स में 10,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस तथा बैंक ऑफ बड़ौदा एवं ग्रामीण बैंक के एटीएम कार्ड रखे थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए, घटनास्थल एवं विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी क्रम में रिसाईपारा क्षेत्र से 02 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर दोनों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दस्तावेज, नकदी रकम एवं घटना में प्रयुक्त दोनों दोपहिया वाहनों को विधिवत जब्त किया गया है।

राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा, पिता सुखबीर सिंह मेहरा, उम्र 20 वर्ष, निवासी रिसाईपारा, जमात खाना के पास,धमतरी और राहुल उर्फ रोहित सोना, पिता संजय सोना, उम्र 26 वर्ष, निवासी जालमपुर वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, धमतरी, थाना सिटी कोतवाली धमतरी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में धारा 296, 306(5), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
*आरोपियों से बरामदगी एवं जब्ती:*
▪️ आरोपी राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा के कब्जे से -
▪️ 1,000/- रुपये नगद
▪️ प्रार्थी का आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी एवं ड्राइविंग लाइसेंस
▪️ 02 एटीएम कार्ड
▪️ घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AP 8201
▪️आरोपी राहुल उर्फ रोहित सोना के कब्जे से-
▪️ 1,000/- रुपये नगद
▪️ घटना में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस स्कूटी क्रमांक CG 05 AV 0124
उक्त घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ