अपने लाडले को नम आंखों से दी विदाई
धमतरी।मगरलोड ब्लॉक के ग्राम परेवाडीह निवासी सीआरपीएफ जवान का असामयिक निधन से अंचल वासी स्तब्ध हैं।मंगलवार की शाम गृह ग्राम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण जन शामिल हुए। बताया जा रहा है कि सालिक राम की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और उसका इलाज रायपुर के अस्पताल में चल रहा था। रायपुर से शाम को गांव लाया गया।
ग्राम परेवाडीह की पावन धरती पर 22 जून 1994 को जन्मे सालिक राम ध्रुव ने शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए एम.ए. की शिक्षा पूर्ण की। उनके मन में प्रारंभ से ही राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना थी।देश की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानते हुए वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती होकर उन्होंने राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में अपनी सेवाएँ प्रारंभ कीं। आगे चलकर उन्होंने 205 कोबरा (CoBRA) बटालियन में सेवा करते हुए कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।205 कोबरा बटालियन में रहते हुए उन्होंने पूर्व में नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के अभियानों में भी भाग लिया और विषम परिस्थितियों में साहस, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।वर्तमान में वे बिहार के गया क्षेत्र में तैनात थे और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि माँ भारती की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद सालिक राम ध्रुव का जीवन देशभक्ति, साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायी मिसाल है।उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देश, समाज और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।




0 टिप्पणियाँ