NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Breaking: गंगरेल के 10 और रुद्री के 15 गेट खोले गए... बराज से 67500 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा




जलाशयों में बढ़ा जलस्तर,तटीय गांवों में अलर्ट

गंगरेल 98.14%, मुरुमसिल्ली 100%, दुधावा 97.21% और सोदूर 88.18% भरा; गंगरेल के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा



भूपेंद्र साहू

धमतरी। जिले में लगातार हो रही वर्षा के चलते प्रमुख जलाशयों में जलभराव तेजी से बढ़ा है। 25 सितंबर को प्रातः 8 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत तथा सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत भर चुका है। जलाशयों में लगातार हो रही आवक को देखते हुए जल प्रबंधन एवं सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न जलाशयों से पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।


गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है तथा जलाशय के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से रुद्री बैराज के माध्यम से 5500 क्यूसेक पानी नहर में तथा 67500 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशय में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए जल प्रबंधन एवं सुरक्षा की दृष्टि से पानी निकासी की जा रही है।



इसी तरह मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और जलाशय से 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधावा जलाशय में 18,724 क्यूसेक पानी की आवक के बीच 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। वहीं सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है तथा 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशयों में पानी की आवक और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर पानी छोड़े जाने की मात्रा में और वृद्धि की जा सकती है।

महानदी के तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता की अपील

जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी सहित संबंधित नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा नदी किनारे बसे सभी गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ