खरेंगा, अरौद एवं लीलर में आयोजित रामधुनी प्रतियोगिता में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू
धमतरी। अखिल ब्रह्मांड के नायक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की कृपा से पितृपक्ष के पावन अवसर पर धमतरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खरेंगा, अरौद एवं लीलर में आयोजित रामधुनी प्रतियोगिता कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की तथा रामधुनी प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न मंडलियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजना साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, सेवा, कर्तव्य और आदर्श जीवन का संदेश देता है, रामधुनी एवं धार्मिक आयोजन केवल आध्यात्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में पारस्परिक प्रेम, भाईचारा, समरसता एवं सद्भाव की भावना मजबूत होती है, ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। श्रीमती साहू ने कहा कि पितृपक्ष भारतीय संस्कृति में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का महत्वपूर्ण अवसर है, ऐसे पावन समय में भगवान श्रीराम का गुणगान और धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। रामधुनी के माध्यम से गांव-गांव में भक्ति, सद्भाव और एकता का वातावरण निर्मित होता है, समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की प्रेरणा देते हैं। श्रीमती रंजना साहू ने रामधुनी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सभी आयोजकों एवं ग्रामवासियों को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए। उन्होंने रामधुनी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी मंडलियों के कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव ने कहा कि रामधुनी जैसे धार्मिक आयोजन ग्रामीण अंचलों की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर हम समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को और मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।




0 टिप्पणियाँ