धमतरी।ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू के प्रयासों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिलने जा रही है। रांवा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के बाद अब ग्राम शंकरदाह एवं बिरेतरा में भी मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति जल्द मिलेगी। जिससे दोनों ग्रामों में खेल मैदान एवं आवश्यक खेल सुविधाओं के विकास से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
रंजना साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और खेल का उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से उनके कार्यकाल से ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाती रही है। रांवा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के बाद शंकरदाह एवं बिरेतरा में भी मिनी स्टेडियम की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। जोकि जल्द मिलेगा। उन्होने कहा कि गांवों में खेल सुविधाएं विकसित होने से युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तथा जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। रंजना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ खेल अधोसंरचना के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शंकरदाह और बिरेतरा में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।



0 टिप्पणियाँ