केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिखाई हरी झंडी, जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन होंगे लाभान्वित
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें कुरूद से धमतरी तक रेल आने पर टिकी
धमतरी। धमतरी जिले में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की लंबे समय से प्रतीक्षित उम्मीद अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। रायपुर से कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवा प्रारंभ होने से जिले में ब्रॉडगेज रेल सुविधा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस रेलखंड पर धमतरी जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद—तीन स्टेशन शामिल हैं, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। यह पहल धमतरी तक आधुनिक रेल सेवा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के तहत केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ताड़ोकी–रावघाट तथा अभनपुर–कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा की आधारशिला भी रखी गई।
अभनपुर–कुरूद रेलखंड का गेज परिवर्तन पूरा
अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद तक लगभग 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा किया गया है। इस रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू होने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है। सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन के माध्यम से जिले के यात्रियों को रेल नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कुरूद में हुआ रेलगाड़ी और यात्रियों का स्वागत
नई यात्री रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर कुरूद में विधायक अजय चंद्राकर ने स्वागत कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने रेलगाड़ी से पहुंचे यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर रेलगाड़ी और यात्रियों का अभिनंदन किया। लंबे समय से रेल सुविधा के विस्तार की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह अवसर उत्साह और नई उम्मीद लेकर आया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका कुरूद ज्योति चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
धमतरी तक रेल सेवा विस्तार की दिशा में आगे बढ़ेगा कार्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरोगेज रेल सेवा संचालित होती थी। अब इस रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की दिशा में हुई प्रगति से यात्रियों को आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता खुला है। कुरूद से धमतरी तक शेष कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक यात्री रेल सेवा के विस्तार का मार्ग और प्रशस्त होगा।
रायपुर–कुरूद रेल सेवा की शुरुआत धमतरी जिले के लिए केवल यातायात सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिले के सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन इस रेल कनेक्टिविटी के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें कुरूद से धमतरी तक शेष रेल कार्य के पूर्ण होने पर टिकी हैं, ताकि जिले के लोगों को भी ब्रॉडगेज रेल सेवा का लाभ मिल सके।





0 टिप्पणियाँ