राज्योत्सव-2026 : विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में धमतरी में हुआ भव्य शुभारंभ
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा की झलक से सजा राज्योत्सव समारोह
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जिले में राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य खेल मैदान में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर थे। समारोह में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा का उत्साहपूर्ण संगम देखने को मिला। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को चेक एवं सामग्री का वितरण भी किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 34 विभूतियों का सम्मान होगा। मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर इन विभूतियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों, समर्पण और समाज के प्रति योगदान का अभिनंदन करेंगे। सम्मानित होने वालों में आदिवासी समाज के उत्थान, चिकित्सा, खेल, शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, उद्यमिता, पर्यटन, लोककला, डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व सहित विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्ति शामिल हैं।
विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की सराहना की
मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागों द्वारा प्रस्तुत विकासपरक गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने स्टालों के माध्यम से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ तथा जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। श्री चंद्राकर ने विभागीय प्रदर्शनी की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, श्री रामलला दर्शन योजना, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना तथा मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता जैसी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। धान उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, महिलाओं को आर्थिक संबल और जरूरतमंद परिवारों को आवास एवं खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन प्रदेश के समग्र विकास को नई गति दे रहा है।
धमतरी की विकास यात्रा में कृषि, पर्यटन और अधोसंरचना की महत्वपूर्ण भूमिका
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक संपदा, कृषि परंपरा, जल संसाधन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया, आवास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जिले में विकास के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। गंगरेल बांध, रविशंकर जलाशय, सिहावा क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और जिले के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और ग्रामीण समुदायों को आजीविका के नए अवसर मिल सकते हैं।
लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
राज्योत्सव समारोह में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं से रूबरू कराया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सवपूर्ण वातावरण के बीच बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा धमतरी जिला : अबिनाश मिश्रा
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। धमतरी जिले में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, आवास, पेयजल, कौशल विकास, आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम को कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित किया । राज्य और जिले में विकास की उपलब्धियां बतायी । इस अवसर पर अध्यक्ष सहकारी बैंक निरंजन सिन्हा,पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदर चोपड़ा,जनपद अध्यक्ष धमतरी अंगीरा ध्रुव,जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय,वन मंडल अधिकारी श्रीकृष्ण जाधव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







0 टिप्पणियाँ