पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– किसानों की सरकार है या बीमा कंपनियों की?
विधायक ओंकार साहू ने मितानिनों का मानदेय बढ़ाने विधानसभा में आवाज उठाने का दिया भरोसा
धमतरी। मितानिन दिवस के अवसर पर 23 नवंबर को पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर धमतरी में धमतरी विधायक ओंकार साहू एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सौजन्य से मितानिन सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी एवं सिहावा विधायक अंबिका मरकाम उपस्थित रही।
कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचीं लगभग 700 मितानिन बहनों को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं अतिथियों के हाथों स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिन बहनों के महत्वपूर्ण योगदान, सेवा, समर्पण और जनहित के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी बड़ी सफलता मिली, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में तेलीनसत्ती सरपंच देवेंद्र सिन्हा,किसान नेता घनाराम सहित 38 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने सभी नवप्रवेशियों का स्वागत करते हुए पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
मितानिन बहनों के सेवा और समर्पण को नमन: भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मितानिन बहनों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे थे, उस समय मितानिन बहनों ने निडर होकर घर-घर पहुंचकर लोगों की सेवा की और उन्हें महामारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस सरकार ने मितानिन बहनों के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए काम किया तथा उनका मानदेय बढ़ाकर 2200 रुपये किया था। आज मितानिन बहनें भाजपा सरकार में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए।
किसानों की सरकार है या बीमा कंपनियों की? भाजपा सरकार पर भूपेश बघेल का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसानों की फसलें बारिश और तूफान से प्रभावित हुई हैं। धान कटाई अभी पूरी नहीं हुई है और तीन बार बारिश होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में सरकार को भीगे हुए धान की खरीदी के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार किसानों की है या बीमा कंपनियों की? किसान किसी तरह अपनी उपज सोसायटियों तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अधिक नमी का हवाला देकर किसानों का धान खरीदने से इनकार न किया जाए। किसानों को राहत देना सरकार की जिम्मेदारी है।
रकबा कटौती और फसल बीमा को लेकर भी घेरा
श्री बघेल ने धान के रकबे में कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों के धान का रकबा कम कर दिया गया है या रिकॉर्ड में शून्य दर्शाया जा रहा है। इसके कारण किसान धान बेचने को लेकर परेशान हैं। पटवारियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए सरकार ने कमेटी बनाई, यह काम पहले भी किया जा सकता था, लेकिन अनावश्यक देरी के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मितानिनों का मानदेय बढ़ाने विधानसभा में आवाज उठाएंगे – ओंकार साहू
धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू ने मितानिन बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मितानिन बहनों की भूमिका अतुलनीय है। वे विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। उनके योगदान का सम्मान केवल समारोह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें उचित मानदेय और सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
उन्होंने मितानिन बहनों को आश्वस्त किया कि उनके मानदेय में वृद्धि की मांग को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और प्रदेश सरकार से इस विषय पर जवाब मांगेंगे। मितानिन बहनों के अधिकारों और सम्मान के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।







0 टिप्पणियाँ