कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए उसकी समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक : कलेक्टर
धमतरी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान, उचित परामर्श और उपचार की दिशा में जिला अस्पताल धमतरी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला अस्पताल धमतरी और बाल्को मेडिकल सेंटर, नवा रायपुर के मध्य आज कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श के लिए निःशुल्क ओपीडी संचालन हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से जिले के नागरिकों को अब अपने ही जिला अस्पताल में नियमित रूप से कैंसर विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन प्राथमिकता है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए उसकी समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक है। जिला अस्पताल में बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञों की निःशुल्क ओपीडी शुरू होने से जिले के मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रारंभिक जांच की सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को लाभ होगा।
ये डॉक्टर आएंगे
सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिन्हा ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत बाल्को मेडिकल सेंटर के अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ प्रत्येक माह दो निर्धारित दिवसों पर जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। प्रथम व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को डॉ. अभिनव अशोक इंगले, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट एवं विभागाध्यक्ष (रेडिएशन विभाग) तथा प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट मरीजों को परामर्श देंगे। ओपीडी में कैंसर के संभावित लक्षणों वाले तथा जांच की आवश्यकता महसूस करने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह प्रदान की जाएगी।





0 टिप्पणियाँ