धमतरी। नगर पंचायत नगरी में कुएं में डूब रही बच्ची को मेहमान बनकर आई किरण ने अपनी जान पर खेलकर उसको बचा लिया। बच्ची को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।
20 मई की दोपहर नगरी वार्ड क्रमांक 15 दंतेश्वरी पारा में दीनबंधु पटेल के घर कुएं में उसकी बेटी गिर गई। जिसे मेहमान किरण पटेल ने बिना समय गंवाए कुंए में उतरकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिसकी प्रशंसा हो रही है। यामिनी पटेल ने बताया कि उसके दोनों बच्चे हर्षिता पटेल और भाई दिव्यांशु 20 मई की दोपहर लगभग ढाई बजे खेल रहे थे। इसी दौरान हर्षिता कुंए में गिर गई। दिव्यंाशु ने तुरंत बताया। वहीं पर घर में ग्राम चिंदरौद महासमुंद से मेहमान बनकर आई किरण पटेल 25 वर्ष भी मौजूद थी। वह बिना समय गंवाए कुंए में लगे प्लास्टिक पाइप के सहारे उतर गई और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। बेहाश बच्ची हर्षिता को तुरंत नगरी अस्पताल ले गए। स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 21 मई बुधवार सुबह तक होश आया। अभी भी वह डरी हुई है। स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।
किरण पटेल की जुबानी
किरण पटेल ने बताया कि जैसे ही उसको हर्षिता के गिरने की सूचना मिली वह पाइप के सहारे नीचे उतर गई। उसे तैरना आता है। कुंए के अंदर जब पहुंची तो उसमें लगभग 5 फीट पानी था। हर्षिता नीचे मिट्टी तक पहुंच गई थी। पैर के सहारे उसको ऊपर उठाया। हालांकि दोनों को पाइप के सहारे कुंए के बाहर आना संभव नहीं था। बाहर मौजूद लोगों ने खटिया को रस्सी बांधकर नीचे उतारा। जिसमें दोनों बैठे फिर ऊपर खींचा गया। उसे खुशी है कि हर्षिता की जान बच गई।



0 टिप्पणियाँ