NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

सर्व हिन्दू समाज संस्था का शपथ ग्रहण , शहर के 40 वार्डों में युवा-महिला टीम बनेगी,दिया जाएगा प्रशिक्षण

 



हिन्दू कोई भौगोलिक क्षेत्र का नाम नहीं, यह सांस्कृतिक विचारधारा है : डॉ उपाध्याय 


भूपेंद्र साहू

धमतरी। सर्व हिन्दू समाज संस्था का शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह धनकेशरी मंगल भवन में हुआ।शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा थे। अध्यक्षता डॉ हीरा महावर ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ प्रभात गुप्ता,डॉ रोशन उपाध्याय थे। मंच पर संस्था के संरक्षक दीपक लखोटिया,नवनियुक्त अध्यक्ष महेश रोहरा, महासचिव अशोक पवार भी मौजूद थे।नवनियुक्त पदाधिकारियों को महापौर ने शपथ दिलाई।इस दौरान सर्व हिंदू समाज के अध्यक्ष, पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


 शपथ ग्रहण के बाद विशिष्ट अतिथि डॉ रोशन उपाध्याय ने हिन्दुत्व व सनातन धर्म पर अपनी बात रखी। डॉ उपाध्याय ने कहा कि हिन्दू दो शब्दों से बना है। हि और इन्दू। हि से हिमालय और इंदू से इंदू सरोवर। इसका विस्तार उत्तर में हिमालय से दक्षिण में हिंद महासागर तक है। इस भू-भाग को हिन्दुस्तान कहते हैं और यहां रहने वाले लोगों को हिन्दू कहते हैं, चाहे वह किसी भी वर्ण, भाषा, जात-पात का हो। शास्त्र के अनुसार गौ की रक्षा जिस समाज में होती है वे हिन्दू हैं। जिस समाज के लोगों का पुर्नजन्म के प्रति अपार आस्था और इस गौरवशाली परंपरा को मानते हैं ऐसे लोग हिन्दू हैं। साथ ही जिनकी परिभाषा का मूलमंत्र ओंकार है, गौ को मां का दर्जा मिलता है, जो हिंसा से दूर रहते हैं, ऐसे लोग हिन्दू कहलाते हैं। भारत की भूमि ऐसी है जिसकी देवता भी स्वर्ग से भूरी-भूरी प्रशंसा करते हैं। भारत स्वर्ग, मोक्ष को प्रदान करने वाला देश है। बांकी अन्य 200 से अधिक देश सभी भोग भूमि है। हिन्दुत्व का भाव या विचार रखने वाले हिन्दू व सनातनी कहलाते हैं। स्वामी विवेकानंद ने शिकागों में नारा दिया था कि गर्व से कहो हम हिन्दू हैं। उन्होंने कहा था कि हिन्दुओं में जो समावेशीपन है वह किसी अन्य धर्म में नहीं है। बांकी में सिर्फ मैं और मेरा की परंपरा है। डॉ उपाध्याय ने कहा कि हिन्दुत्व की रक्षा में हमारे महापुरूषों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। छत्रपति शिवाजी महाराज ने औरंगजेब को मात दी। उन्होंने अपने राज्य को हिंदवी स्वराज्य का नाम दिया। 


राष्ट्र के लिए जो अलख जगी है उसका सम्मान करेंगे: महेश 

सर्वसमाज के नवनियुक्त अध्यक्ष महेश रोहरा ने कहा कि कंधों के ऊपर छाती नहीं होती, धर्म के ऊपर जाति नहीं होती। हमें भी अब जागना है और हम सबको मिलकर जात-पात, ऊंच-नीच की विदाई करनी है। सनातन धर्म के लिए सभी को एक होना है। हिन्दू राष्ट्र की मांग हुई है। हिन्दू राष्ट्र के लिए जो अलख जगी है उसका सम्मान करेंगे। जल्द ही शहर के सभी 40 वार्डों में जाएंगे। भेदभाव को मिटाने का प्रयास करेंगे, जो समस्या है उसे दूर करेंगे। प्रशिक्षण शिविर लगाकर जागरूक करेंगे। युवा और महिलाओं की अलग-अलग टीम बनाएंगे। महासचिव अशोक पवार ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि हमें हिन्दुत्व की रक्षा के लिए तन-मन-धन से जुडऩा है। हिन्दू एक सांस्कृतिक विचारधारा है, जो हिन्दू धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देती है। यह विचारधारा राष्ट्रवाद पर आधारित है। इसका उद्देश्य हिन्दू समाज को मजबूत करना है और हिन्दू धर्म की रक्षा करना है। हिन्दुत्व और सनातन दोनों ही भारतीय संस्कृति और धर्म से जुड़े हुए हैं। उन्होंने मौजूद लोगों से अपील की कि हमें अपने व बच्चों का जन्मदिन तिथि के अनुसार मनाना चाहिए, क्योंकि जब अंतिम संस्कार की रस्म की जाती है तब तिथि का ही बोध होता है। पूर्व अध्यक्ष व संरक्षक दीपक लखोटिया ने कहा कि समाज में अनेक तरह के बिखराव आ चुके हैं। हमें आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ करना है, तो सनातन के लिए कुछ करना होगा। संगठित होना जरूरी है। कार्यक्रम को मुख्य अतिथि निगम महापौर रामू रोहरा, डॉ प्रभात गुप्ता, डॉ हीरा महावर ने भी संबोधित किया। 

नई कार्यकारिणी इस प्रकार है

संरक्षक दीपक लखोटिया, जानकी प्रसाद शर्मा, अध्यक्ष महेश रोहरा, महासचिव अशोक पवार, कोषाध्यक्ष यशवंत साहू, उपाध्यक्ष हरजिंदर छाबड़ा, विशेषर पटेल, रमेश लहरे, सह सचिव पवन अग्रवाल, संगठन महामंत्री विजय गोलछा, वरुण राय, मीडिया प्रभारी दिलीप पटेल, कार्यकारिणी सदस्य राजेश शर्मा, सुबोध राठी, अजय जैन, नंदू जसवानी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ