धमतरी।नगरी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र में खेतों के बीच तेंदुए का एक शावक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल सफारी नया रायपुर भेज दिया।
मामला बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के छिपली पारा गांव का है, जहां करीब 5 से 6 माह का तेंदुए का शावक श्रृंगी ऋषि पहाड़ी के नीचे स्थित जंगल से भटककर राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया था। खेतों में शावक दिखते ही ग्रामीण इकठ्ठे हो गए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए सावधानीपूर्वक शावक को कब्जे में लिया और पशु चिकित्सालय नगरी ले जाकर उसका प्रारंभिक परीक्षण कराया। जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई, हालांकि वह पानी में भीगा हुआ था, जिससे उसके नाले या जलस्रोत से भटकने की आशंका जताई जा रही है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार अजय ने बताया कि शावक पूरी तरह स्वस्थ है और फिलहाल जंगल सफारी, नया रायपुर में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है, जहां आगे उसके पुनर्वास को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि सिहावा–नगरी क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा होने के कारण तेंदुआ, भालू जैसे वन्यप्राणियों का प्राकृतिक आवास माना जाता है, जिससे ऐसे मामले समय-समय पर सामने आते रहते हैं। गर्मी चालू होते ही जंगली जानवर रिहायसी इलाकों में आ रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले एक वन प्राणी कोटरी सांकरा के जंगल में से निकलकर स्कूल के बाउंड्री वालों के तार में फंस गया था ।आज तेंदुआ का बच्चा पहुंच खेतों में इन सब चीजों को देखते हुए लोगों का कहना है कि जंगल में शायद जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं पानी के लिए वह पहुंच जाते हैं।




0 टिप्पणियाँ