कांटा तालाब, सुभाष नगर का मामला, जांच में जुटी पुलिस
भूपेन्द्र साहू
धमतरी। शहर के कांटा तालाब स्थित सुभाष नगर में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 17 वर्षीय युवती ने लगभग 50 फीट ऊंची पानी टंकी से छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवती की पहचान रानू उर्फ रागिनी श्रीवास्तव (17 वर्ष) निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती मोबाइल पर बात करते हुए पानी टंकी पर चढ़ी थी। कुछ ही देर बाद उसने अचानक छलांग लगा दी, जिससे नीचे गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी,जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त पानी टंकी पर पहले भी कुछ लोग चढ़कर कूदने की कोशिश कर चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा टंकी पर चढ़ने से रोकने के लिए किसी प्रकार का सुरक्षा घेरा या प्रतिबंधात्मक व्यवस्था नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था की मांग उठ रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। युवती के मोबाइल की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पानी टंकी से कूदकर 17 साल की युवती नेआत्महत्या की है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।




0 टिप्पणियाँ