अड्डेबाजी, चाकूबाज, गुंडागर्दी व शराबखोरी पर होगी त्वरित वैधानिक कार्यवाही- प्रशासन का सख्त संदेश
धमतरी।होली त्यौहार के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने, गुंडा-बदमाशों के मन में भय तथा आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने धमतरी जिला मुख्यालय एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र धमतरी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों - लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ होते हुए नहरनाका चौक से विंध्यवासिनी मंदिर के पास सम्पन्न हुआ।
मकई चौक से सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक पुलिस बल द्वारा अनुशासित एवं सघन पैदल मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का विश्वास एवं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया।
धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील
होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
बिना सहमति किसी पर जबरदस्ती रंग-गुलाल न लगाएं।
किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अड्डेबाजी या सार्वजनिक अशांति से दूर रहें।
नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं।
हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
तेज गति, स्टंटबाजी एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन से बचें।
महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें।
सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा न करें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
📞 टोल फ्री / हेल्पलाइन नंबर 100 / 112 (आपातकालीन सेवा)
94791-92299 (धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम)
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय,अपर कलेक्टर इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी विपिन रंगारी, तहसीलदार, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा एवं कोतवाली, अर्जुनी, रूद्री, यातायात एवं सायबर थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस जवान उपस्थित रहे।
300 से अधिक पुलिस बल, 33 चारपहिया पेट्रोलिंग,15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, 02 क्यूआरटी टीम एवं 23 फिक्स पिकेट सहित रिजर्व बल तैनात
त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु 2 मार्च की शाम से आगामी आदेश तक विशेष पुलिस प्रबंध लागू किया गया है।त्योहार के दौरान लगभग 300 से अधिक पुलिस बल, 33 चारपहिया वाहन पेट्रोलिंग,15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग,02 क्यूआरटी टीम (त्वरित कार्यवाही दल), 23 फिक्स पिकेट एवं पर्याप्त रिजर्व बल मय बॉडीगार्ड हेलमेट एवं बलवा ड्रिल सामग्री के साथ तैनात किया गया है। शहर में होलिका दहन के छोटी बड़ी मिलाकर लगभग 100- 110 जगहोंं पर होली जलाई जायेगी।होली त्योहार (धुलेंडी)पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। दोपहिया वाहन में दो से अधिक सवारी, मुखौटा लगाकर वाहन चलाना, शराब सेवन कर वाहन चलाना पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से सघन जांच की जाएगी एवं आवश्यकतानुसार वाहन जप्त किए जाएंगे। हाईवे पेट्रोलिंग दल विभिन्न प्रमुख मार्गों पर निरंतर भ्रमण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपात स्थिति में त्वरित राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करेंगे।
ध्वनि नियंत्रण के संबंध में लाउडस्पीकर एवं डीजे निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए अत्यधिक शोर-शराबा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। होलिका दहन बिजली तारों एवं खंभों के नीचे न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है तथा अग्निशमन वाहन मय स्टाफ को तैनात रखा गया है।





0 टिप्पणियाँ