NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Politics: धमतरी में अफीम खेती के आरोप के बयान को भाजपा ने असत्य व अपमानजनक बताया

 


धमतरी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा धमतरी जिले में अफीम की खेती किए जाने संबंधी बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने संयुक्त रूप से बयान को असत्य, भ्रामक एवं किसानों का अपमान बताया।


प्रेस वार्ता में कहा कि नगरी-सिहावा क्षेत्र जो तपस्वी देवभूमि के रूप में जाना जाता है, वहां के मेहनतकश किसानों पर इस प्रकार का आरोप लगाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बयान न केवल पूरी तरह निराधार है, बल्कि जिले के अन्नदाताओं की छवि को धूमिल करने का प्रयास भी है।

नेताओं ने स्पष्ट किया कि धमतरी जिले की पहचान “धानहा धमतरी” के रूप में है, जहां किसान मुख्य रूप से धान, चना, गेहूं, मक्का, सरसों, गन्ना, फल-फूल, सब्जी, दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती करते हैं। यहां के किसान अपनी मेहनत, ईमानदारी और सादगी के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में इस प्रकार के आरोप उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले हैं।

 यह भी बताया गया कि आयुक्त भू-राजस्व, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा द्वारा कृषि, राजस्व, उद्यानिकी एवं पुलिस विभाग के सहयोग से जिले के सभी विकासखंड धमतरी, कुरुद, नगरी एवं मगरलोड में विस्तृत सर्वेक्षण और निरीक्षण कराया गया। सर्वे रिपोर्ट में कहीं भी अफीम की अवैध खेती पाए जाने का कोई उल्लेख नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार, नशाखोरी, घूसखोरी एवं कमीशनखोरी के अनेक मामले सामने आए, जिनमें कई नेता और मंत्री जांच का सामना कर रहे हैं या उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज हैं। ऐसे में तथ्यहीन आरोप लगाना केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है।


भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस एवं किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मांग की है कि वे अपने इस निराधार एवं अपमानजनक बयान के लिए सार्वजनिक रूप से किसानों से माफी मांगें, अन्यथा किसान समाज के सम्मान की रक्षा के लिए आगे उचित कदम उठाए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, जिला महामंत्री राकेश साहू, महेंद्र पंडित, मोनिका देवांगन, अर्चना चौबे, हेमंत चंद्राकर,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ