भूपेंद्र साहू
धमतरी।धमतरी गरियाबंद जिले की सीमा में स्थित उदंती सीतानदी अभ्यारण्य अपनी खूबसूरती के लिए पहचाना जाता है। एक बार फिर बारिश और ओला के बीच खूबसूरती बढ़ गई। ओड़ गांव में देर रात हुई तेज बारिश और जबरदस्त ओलावृष्टि के बाद ऐसा दृश्य देखने को मिला, मानो कश्मीर में बर्फबारी हो रही हो। पूरा इलाका सफेद चादर से ढका नजर आया। खेत, खलिहान, पेड़-पौधे, कच्चे रास्ते और जंगल सहित सब कुछ ओलों की मोटी परत से ढक गया।
यह नजारा इतना खूबसूरत था कि किसी को भी पहली नजर में यकीन नहीं हुआ कि यह छत्तीसगढ़ का इलाका है। दूर-दूर तक फैली सफेदी, पेड़ों की शाखाओं पर जमी ओलों की परत और हल्की धुंध के बीच चमकती धूप ने पूरे वातावरण को किसी पहाड़ी पर्यटन स्थल जैसा बना दिया। स्थानीय लोग इसे ‘कश्मीर’ कहकर पुकारने लगे।मंगलवार सुबह की ठंडी हवा के साथ जब सूरज की किरणें इस सफेद चादर पर पड़ीं, तो पूरा इलाका चमक उठा।
बच्चे और युवा इस अनोखे नजारे को देखने के लिए घरों से बाहर निकल आए और कई लोगों ने इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डीएफओ वरुण जैन ने भी इस अद्भुत दृश्य का फोटो और वीडियो जारी किया है। उन्होंने बताया कि बीती रात अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे ओलों की मोटी परत जम गई। जिसकी वजह से यहां का नजारा और खूबसूरत लगने लगा।




0 टिप्पणियाँ