NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Breaking: आकाशगंगा कॉलोनी चोरी मामले में खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार,तीन की तलाश जारी



9 दिन तक साधु के भेष में डटे रहे पुलिस जवान

धमतरी। शहर के आकाशगंगा कॉलोनी में फरवरी माह में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे और नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 7 और 8 फरवरी 2026 की दरमियानी रात आकाशगंगा कॉलोनी (फेज-1 और फेज-2) के चार मकानों में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। उस समय सभी परिवार किसी कार्यक्रम या अन्य कारण से घर से बाहर थे। घटना थाना कोतवाली से लगभग दो किलोमीटर दूरी पर हुई थी। इस संबंध में 8 से 10 फरवरी के बीच थाना कोतवाली में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं।जिसमें तुलसीराम ध्रुव, विकास कटेंद्र, रूपेंद्र कुमार साहू और उत्तम कुमार तिवारी हैं।इन घटनाओं में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान सहित कुल 1 लाख 28 हजार 200 रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।


एक ही तरीके से करते थे चोरी

जांच में सामने आया कि चारों वारदातों में आरोपियों का तरीका एक जैसा था। आरोपी रात 11 बजे से सुबह 3 बजे के बीच उन मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें ताला लगा होता था और परिवार घर से बाहर होता था। वे मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसते और अलमारी तोड़कर आभूषण व नकदी लेकर फरार हो जाते थे।

सीसीटीवी फुटेज में 8 फरवरी की सुबह लगभग 2:56 बजे चार संदिग्ध व्यक्तियों को घर का ताला तोड़कर अंदर जाते हुए देखा गया। वारदात के बाद आरोपी बस स्टैंड पहुंचे और वहां से बस पकड़कर निकल गए।


तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस ने घटना के बाद तकनीकी विश्लेषण, टावर डंप और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि इसी तरह की चोरी की घटनाएं कोरबा और अंबिकापुर में भी हुई थीं।

मध्यप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार, साधु के भेष में डटे रहे पुलिस जवान

मामले में विशेष टीम गठित कर मध्य प्रदेश के धार जिले में दबिश दी गई। लगातार नौ दिन तक अभियान चलाने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस के जवान अलग-अलग साधु संत एवं अन्य पहचान बदलकर आरोपियों के गांव घर के आसपास निगरानी करते रहे।

गिरफ्तार आरोपी दिनेश बबानिया (28 वर्ष) निवासी टाटा थाना क्षेत्र, जिला धार है। आरोपी के कब्जे से  चोरी की एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह चोरी का सामान आपस में बांटकर बेच देता था।


अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331(4), 305(a) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ