रामकुमार भारद्वाज
फरसगांव। विश्व बंजारा दिवस के अवसर पर बंजारा समाज द्वारा सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हुए मरीजों के बीच फल वितरण कर इस दिवस को सार्थक रूप से मनाया गया।
यह दिन बंजारा समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अनूठी परंपराओं, भाषा और इतिहास के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। विश्व बंजारा दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज की एकता, स्वाभिमान, संघर्ष और संस्कृति का सम्मान करना है। यह दिवस 8 अप्रैल 1981 को जर्मनी में आयोजित रोमा, जिप्सी और बंजारा समाज की ऐतिहासिक बैठक की स्मृति से भी जुड़ा हुआ है। बंजारा समाज भारत सहित विश्व के कई देशों में अपनी विशिष्ट पहचान के साथ निवास करता है और अपनी परंपराओं को आज भी सहेज कर रखे हुए है। इसी क्रम में फरसगांव ब्लॉक के बंजारा समाज द्वारा बुधवार 8 अप्रैल को सर्वप्रथम समाज की आराध्य देवी मेरामां याड़ी एवं धर्मगुरु संत श्री सेवालाल महाराज जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। इसके पश्चात समाज के लोगों ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए फल एवं शीतल पेय पदार्थ वितरित किए।
_गर्व और प्रेरणा का दिन है विश्व बंजारा दिवस
बंजारा समाज के वरिष्ठ जनों ने कहा कि विश्व बंजारा दिवस हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। यह दिवस हमें अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और भाषा को संजोकर रखने का संदेश देता है। साथ ही, समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाकर हम अपने अधिकारों और पहचान को मजबूत बना सकते हैं। हमारे पूर्वजों के संघर्ष और इतिहास हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। आइए, हम सभी मिलकर अपने समाज की एकता, संस्कृति और स्वाभिमान को और सशक्त बनाएं।
_यह रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में बंजारा समाज महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ललित भारद्वाज, पूर्व जिला सलाहकार बसंत चौहान, फरसगांव ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर भारद्वाज, जग्गू भारद्वाज, श्रीमती हीराबाई भारद्वाज, राजकुमार भारद्वाज, श्रीमती सुमित्रा भारद्वाज, कमल चौहान, भारत भारद्वाज, हेमराज भारद्वाज, श्रीमती अंजू भारद्वाज, सपना भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ