NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Fire: पीजी कॉलेज मोड़ के पास गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

 


चार दमकल की गाड़ियां आग को बुझाने में डटी रही

धमतरी। शहर के पीजी कॉलेज मोड़ के पास स्थित एक गोदाम में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक का सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और आसपास के क्षेत्र में घना काला धुआं फैल गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


शनिवार सुबह-सुबह बर्तन गोदाम से काला धुआं निकलते ही हडकंप मच गया। सूचना पर संचालक पहुंचे, फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। सूचना मिलते ही धमतरी से तीन और कुरूद से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन प्लास्टिक सामग्री के कारण आग पर काबू पाना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। कई घंटों तक लगातार दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया, ताकि अंदर भरा धुआं बाहर निकल सके और आग पर नियंत्रण पाने में आसानी हो सके। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी एकत्रित हो गए थे। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी बी आर सिन्हा भी टीम के साथ पहुंच गए थे।समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह से काबू में नहीं आ पाई थी।


आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

लक्ष्मी एल्युमिनियम गोदाम के संचालक प्रकाश कुकरेजा ने बताया कि सूचना मिलते ही पहुंचे तब तक आग फैल चुकी थी। पड़ोसियों ने बताया कि पीछे बांस के पेड़ में आग लगी थी जिसकी चिंगारी की वजह से यह आग लगी है। प्लास्टिक सामान होने से धुंआ ही धुंआ हो गया था। शादी में देने वाले सामान मिक्सी एवं अन्य सामान रखे हुए थे सारे जल गए। जिससे उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की टीम,पुलिस प्रशासन और लोगों का सहयोग मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ