धमतरी। गंगरेल बांध में डुबान क्षेत्र के मरीजों की सुविधा के लिए वाटर एंबुलेंस की शुरुआत की गई है। जिसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। सोमवार को ठेमली आइलैंड में कार्य कर रहे मजदूर के ऊपर सांप गिर जाने से उसकी तबियत बिगड़ गई। जिसे वाटर एंबुलेंस फिर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।
डुबान क्षेत्र के मरीजों को धमतरी पहुंचने में एक घंटा से अधिक समय लग जाता है। सही समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों को दिक्कत होती है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गंगरेल बांध में वाटर एंबुलेंस की शुरूआत की गई। अब इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। सोमवार को इस एंबुलेंस से एक मरीज को लाया गया। जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मिली जानकारी अनुसार ठेमली आइलैंड में कार्यरत मजदूर सिरपुर निवासी शंकर कमार 26 वर्ष पर अचानक सांप गिर गया। सिर में जलन होने लगी। घबड़ाहट भी बढ़ गई। शंकर ने बताया कि ठेकेदार ने तुरंत गंगरेल ब्लू एंडवेंचर को फोन कर सूचना दी। वाटर एंबुलेंस से किनारे तक लाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मरीज की स्थिति में सुधार है।
इस संबंध में सतवंत महिलांगे ने बताया कि ठेमली आइलैंड से फोन पर सूचना मिली। तुरंत टीम को रवाना किया। 15 से 20 मिनट के अंदर किनारे लाया गया तब तक 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई थी। जिला प्रशासन द्वारा गंगरेल ब्लू एडवेंच स्पोर्टस के माध्यम से यह एंबुलेंस संचालित है।
विधायक ने की सराहना
विधायक ओंकार साहू ने जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र डुबानवासियों की तकलीफ को देखते हुए वाटर एंबुलेंस की शुरूआत की गई है। आज एक युवक को सांप डसने पर वाटर एंबुलेंस से गंगरेल लाया गया। जिससे मरीज को त्वरित चिकित्सा मिल सकी।
सुविधा के लिए तैनात
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि ठेमली आयलैंड में कार्यरत मजदूर को सांप ने डस लिया। उसे वाटर एंबुलेंस के माध्यम से रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह वाटर एंबुलेंस डुबानवासियों के लिए तैयार किया गया है ताकि उन्हें त्वरित चिकित्सा मिल सके।




0 टिप्पणियाँ