कल औपचारिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का विधिवत उद्घाटन
धमतरी।पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में पुलिस लाईन धमतरी स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में डायल-112 एवं ईआरवी (Emergency Response Vehicle) में पदस्थ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक त्वरित, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना था।
कार्यशाला में जिले को प्राप्त कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच, तकनीकी समन्वय एवं आमजन से संवेदनशील व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिले के 12 थाना क्षेत्रों में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। शहर क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
20 मई को इन सभी डायल-112 एवं ईआरवी वाहनों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम जनता की सुरक्षा, विश्वास एवं त्वरित राहत का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक कॉल एवं सूचना को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ लेते हुए न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में डायल-112 एवं ईआरवी कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद शैली, टीमवर्क, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बेहतर उपयोग, वायरलेस समन्वय, रिस्पांस टाइम को कम करने एवं कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सतर्क ड्राइविंग, आपातकालीन मार्ग संचालन, वाहन रखरखाव एवं जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निर्वहन के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक धमतरी दीपक शर्मा, डायल-112 प्रभारी निरीक्षक गायत्री सिन्हा, कंट्रोल रूम प्रभारी बिरेश तिवारी, एमटीओ सुल्तान हुसैन सहित डायल-112 एवं ईआरवी के समस्त पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ