लक्ष्य प्राप्ति, सुचारू संचालन और अनुशासित संगठन के लिए श्रेष्ठ कार्यपद्धति आवश्यक: पवन साय
धमतरी भाजपा का जिला प्रशिक्षण महाअभियान बालोद में उद्घाटित
धमतरी।भारतीय जनता पार्टी का धमतरी जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान शुक्रवार को बालोद के माहेश्वरी समाज भवन में उद्घाटित हुआ। उद्घाटन के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने के साथ साथ विश्व की सर्वाधिक अनुशासित पार्टी भी है। भाजपा एकमात्र ऐसा राजनैतिक दल है जो विचारधारा से संचालित होती है, आंतरिक लोकतंत्र पार्टी का विशेष गुण है और परिवारवाद के स्थान पर राष्ट्रवाद इस दल की प्राथमिकता है। भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए श्यामप्रसाद मुखर्जी ने इस दल की नींव रखी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय को अपना लक्ष्य मानते हुए हमारी सरकारें काम कर रही है। पार्टी अपने सभी स्तर के कार्यकर्ताओं को समय समय पर प्रशिक्षित करती है ताकि कार्यकर्ता का स्वयं का व्यक्तित्व विकास हो सके और उसके माध्यम से एक श्रेष्ठ नेतृत्व का निर्माण हो जिससे श्रेष्ठ समाज और राष्ट्र का सपना साकार हो सके।
भाजपा की कार्यपद्धति विषय पर अपने विचार रखते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि प्रत्येक संगठन एक लक्ष्य को लेकर प्रारंभ होता है। उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए, संगठन के सुचारू संचालन के लिए एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए एक सफल कार्यपद्धति की आवश्यकता होती है। कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय, बैठक, प्रवास, प्रशिक्षण, आंदोलनात्मक, रचनात्मक इत्यादि कार्य कार्यपद्धति के अंग है। सामूहिकता, समन्वय, प्रामाणिकता, परिवार भाव, सम्पर्क, संवाद, कार्यकर्ता विकास, समभाव, समर्पण, महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण इत्यादि कार्यपद्धति की विशेषताएं है। प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी अवधेश जैन ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान को परिभाषित करते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय, व्यक्ति अंतिम की सोच के साथ काम करती है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और पंच निष्ठाएं पार्टी के वैचारिक आधार हैं।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने केंद्र और राज्य की प्रमुख गरीब कल्याण योजनाओं को विस्तार से कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसे सैकड़ों योजनाओं की खासियत ये है कि भाजपा सरकार की सभी योजनाएं दीनदयाल जी के अंत्योदय से प्रभावित है और 140 करोड़ देशवासियों को लक्ष्य मानकर बनाई गई है।
धमतरी जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि ये धमतरी जिले के कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है कि इस प्रशिक्षण महाअभियान में ऐसे ऐसे वक्ताओं का उद्बोधन होना है जो अपने अपने विषय में पूरी तरह पारंगत है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ही कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व निर्माण करना है, सभी को इस महत्वपूर्ण अवसर भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण 12 अलग अलग सत्रों में 2 दिन तक चलेगा। यह आवासीय होगा। संध्याकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रातःकाल योगाभ्यास और प्रार्थना भी प्रशिक्षण का अंग होगी।
वर्ग नियंत्रक शशि पवार ने व्यवस्थाओं की सूक्ष्म से सूक्ष्म मॉनिटरिंग करते हुए समस्त कार्यक्रम पार्टी द्वारा निर्धारित उच्चतम मानकों के अनुरूप होगी इसके लिए प्रयासरत हैं। प्रशिक्षण महाअभियान के जिला प्रभारी आलोक ठाकुर, जिला संगठन प्रभारी किरण बघेल सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, समस्त जनप्रतिनिधियों सहित पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रकोष्ठ के जिला संयोजक तथा मोर्चों के जिलाध्यक्ष इत्यादि लगभग शत प्रतिशत संख्या में प्रशिक्षार्थी के रूप में उपस्थित रहे।यह जानकारी उमेश साहू जिला भाजपा मीडिया प्रभारी ने दी।






0 टिप्पणियाँ