धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत बालोद जिला में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस के शुभारंभ सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने “केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं एवं उपलब्धियां” विषय पर उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को विस्तारपूर्वक संबोधित किया। अपने वक्तव्य में रंजना साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित, जनसेवा और सुशासन के मूल भाव से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार और राज्य की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन को उससे जोड़ने का कार्य करें। रंजना साहू ने कहा कि भाजपा की पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आधार बनाकर भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है, उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ