धमतरी।जिला अस्पताल में संचालित सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी सर्विसेस को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। वैसे भी उनका कार्यकाल खत्म हो चुका है। अमानत राशि को राजसात किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसी पर लगातार कई गंभीर आरोप लगाते रहे हैं और गार्ड की मौजूदगी के बाद भी कई प्रकार की घटनाएं हुई है।
सिविल सर्जन कार्यालय जिला अस्पताल से जारी पत्र के अनुसार वर्तमान में कमथेन सिक्युरिटी सर्विसेज द्वारा जिला चिकित्सालय धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था का संचालन वित्तीय वर्ष 2025-26 में किया जा रहा है। चूंकि फर्म के विरूद्ध विभिन्न गतिविधियों एवं सुरक्षा संबंधित शिकायतें दैनिक समाचार पत्रों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त हो रही है। इस संबंध में फर्म को कारण बताओ सूचना जारी करने पर समाधान कारक जवाब भी प्रस्तुत नही किया गया है।
फर्म द्वारा शासकीय संसाधनो का दुरूपयोग, गोपनीयता भंग करना, सुरक्षा में चूक, गार्ड चयन में अनियमिता, कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन नही किया जाना जैसे अवैधानिक कार्य किया गया है जिसके कारण अस्पताल में आत्महत्या जैसी घटना घटित हुई है। स्पष्ट है कि निविदा में निहीत शर्तें एवं कार्यालयीन निर्देशों का अवहेलना किया गया है। कलेक्टर जिला धमतरी द्वारा उक्त तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए फर्म को ब्लैक लिस्ट (काली सूची) कर निविदा समाप्ति करने का निर्देश दिया गया है।उक्त निर्देश के अनुरूप निविदा के नियम व शर्तों के अनुसार किये गये इकरारनामा के कंडिका कमांक 21 के आधार पर फर्म मेसर्स कॉमथेन सिक्यूरिटी सर्विस, रायपुर (छ०ग०) को आगामी तीन वर्ष के लिए जिला चिकित्सालय, जिला धमतरी (छ०ग०) में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेने हेतु ब्लैक लिस्ट (काली सूची) घोषित किया जाता है एवं अमानत राशि राजसात किया जाता है।




0 टिप्पणियाँ