धमतरी। जिले के कुरूद तहसील अंतर्गत ग्राम मुल्ले के ग्रामीण मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रहे अवैध कारोबार, धमकीबाजी और गुंडागर्दी पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में कुछ लोग लंबे समय से अवैध शराब बिक्री, गांजा तथा नशे की गोलियों का कारोबार कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामवासियों का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पहले भी बैठक कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। महिलाओं और परिवार के लोगों को भी डराने-धमकाने की शिकायत की गई है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि गांव की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा गांव में चल रहे अवैध कारोबार को बंद कराया जाए।ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से शिवकुमार नेताम, रूपचंद साहू, लोकेश राम, नारायण नेताम, वीरेन्द्र यादव, दिलीप कुमार, मुकेश यादव, हेमवती, पुष्पा, सरस्वती, उर्मिला बंजारे, निर्मला यादव, कान्ति यादव, दुर्गा, तोरण, मोंहनी, मंगली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।




0 टिप्पणियाँ