NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Mobile forensic van: अब घटनास्थल पर ही होगी फोरेंसिक जांच



पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन, महापौर, पूर्व विधायक एवं पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी 

धमतरी।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी पुलिस को उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का शनिवार पुलिस लाईन रूद्री धमतरी में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में विधिवत शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर  महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक  इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया।


 एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से विवेचना प्रणाली और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनेगी। यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी l इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा, साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध और अधिक मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे।



महापौर रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं सशक्त पुलिसिंग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में धमतरी पुलिस सराहनीय कार्य कर रही है।  एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन जैसी अत्याधुनिक सुविधा से अपराधों की जांच और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी।

पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने कहा हाल फ़िलहाल करीब दर्जन भर कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिए धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर जनता का विश्वास पुलिस पर बढ़ा है और आगे इस वैन से विवेचना को बल मिलेगा और पुलिस के हाथ मजबूत होंगे जिससे सज्जनों में विश्वास बढ़ेगा और दुर्जनों का संकट बढ़ेगा l


पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाना आवश्यक है। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे विवेचना और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत बनेगी। 

     वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल ने एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के संबंध में उपस्थितजनों को विस्तृत जानकारी दी कि कैसे हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी  मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एफएसएल टीम एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ