धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खाद दुकानों पर की गई कार्रवाई एवं जारी शो-कॉज नोटिस की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में खाद की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत कार्रवाई जारी रखने के निर्देश देते हुए खाद के भंडारण, उठाव एवं वितरण की स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा, ताकि छोटे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग एवं क्रेडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति जानी। सचिव एवं पटवारी बैठक तथा प्राचार्यों को पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर द्वारा निर्धारित 10 प्रमुख बिंदुओं—हाइपरटेंशन, संस्थागत प्रसव, बीपी एवं शुगर जांच, एचआरपी चिन्हांकन, एनीमिया जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, फॉलोअप पंजीयन एवं मेंटल हेल्थ स्क्रीनिंग—में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित संस्थाओं के सीएचओ एवं आरएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टीबी मुक्त भारत अभियान, 100 दिवस कार्ययोजना, स्वास्थ्य अधोसंरचना कार्यों एवं सीजीएमएससी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। एमडी एनएचएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।




0 टिप्पणियाँ