NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

घर में घुसकर महिला एवं उसके परिवार पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

 


घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमाण्ड पर जेल

धमतरी। थाना अर्जुनी पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी एवं तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।


प्रार्थिया प्रीति साहू पति मनोज साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 23 जून की रात्रि लगभग 9 बजे उमेश साहू उसके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से मना करने पर आरोपी नाराज होकर वापस चला गया।इसके पश्चात लगभग 12  बजे देवेंद्र साहू, उमेश साहू उर्फ छोटू एवं प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस प्रार्थिया के घर में जबरन घुस गए तथा अश्लील गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को आतंकित करने लगे। आरोपियों ने प्रार्थिया, उसके पति मनोज साहू एवं पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से प्रहार कर मनोज साहू एवं नीलिमा साहू को चोट पहुंचाई।


आरोपियों ने अपने उग्र एवं आक्रामक व्यवहार के दौरान घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी एवं मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना से परिवार में भय एवं दहशत का माहौल निर्मित हो गया।




प्रार्थिया की रिपोर्ट पर तत्काल थाना अर्जुनी में धारा 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ कर साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी देवेंद्र साहू पिता जगेसर साहू उम्र 22 वर्ष, उमेश साहू उर्फ छोटू पिता लखीराम साहू उम्र 22 वर्ष एवं प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस पिता कुंजन मांडवी उम्र 18 वर्ष, सभी निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।









एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ