धमतरी।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महत्वाकांक्षी “अटल आरोग्य लैब” योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल धमतरी में अत्याधुनिक प्रयोगशाला सेवाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इस पहल से जिले के नागरिकों को आधुनिक तकनीक आधारित जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
जिला धमतरी में वर्तमान चरण में 94 प्रकार की जांच सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। इनमें सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर, क्लीनिकल पैथोलॉजी सहित अनेक विशेष जांचें शामिल हैं। आगामी चरणों में जांच सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, जिससे जिले के नागरिकों को और अधिक व्यापक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि मरीजों को जांच रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए अस्पताल अथवा प्रयोगशाला के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। जांच पूर्ण होने के उपरांत रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस एवं व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रक्रिया भी अधिक त्वरित और प्रभावी बन सकेगी।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन मिनी रत्न सार्वजनिक उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड (HLL Lifecare Limited) के साथ सार्वजनिक-निजी सहभागिता (PPP) मॉडल के अंतर्गत साझेदारी की गई है। एचएलएल की विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवा इकाई हिंदलैब्स (Hindlabs) द्वारा इन सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
पूर्व में अनेक विशेष जांचों के लिए मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में जाकर पर्याप्त राशि व्यय करनी पड़ती थी। अटल आरोग्य लैब योजना के माध्यम से अब ऐसी जांच सुविधाएं निःशुल्क अथवा अत्यंत रियायती दरों पर उपलब्ध होने से आम नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी व्यक्तिगत आर्थिक व्यय (Out-of-Pocket Expenditure) में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विशेष राहत मिलेगी।
जिला धमतरी में अटल आरोग्य लैब सेवाओं का स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल न केवल नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध जांच सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि रोगों के शीघ्र निदान, प्रभावी उपचार तथा बेहतर जनस्वास्थ्य प्रबंधन को भी नई गति प्रदान करेगी। शासन की यह जनकल्याणकारी पहल विकसित छत्तीसगढ़ एवं स्वस्थ छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




0 टिप्पणियाँ