धमतरी। विशेष ‘सार्थक स्कूल’, धमतरी के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि विद्यालय के विशेष छात्र सत्यांशु दीप का चयन Special Olympics Bharat की भारतीय फुटबॉल टीम में हुआ है। वे 12 से 16 जुलाई 2026 तक स्वीडन में आयोजित होने वाली Special Olympics Gothia Trophy 2026 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सत्यांशु दीप की यह उपलब्धि न केवल धमतरी जिले, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल कौशल का यह उत्कृष्ट उदाहरण दर्शाता है कि उचित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन एवं अवसर मिलने पर वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
विद्यालय परिवार के सरिता दोशी ने बताया कि सत्यांशु ने नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विशेष बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए उत्साहित करेगी।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने सत्यांशु दीप की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है। साथ ही उनके अभिभावकों को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बधाई दी गई है, जिनके निरंतर सहयोग और विश्वास ने सत्यांशु को इस मुकाम तक पहुँचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सत्यांशु की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से विशेष बच्चे भी विश्व मंच पर अपनी उत्कृष्ट पहचान बना सकते हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ।
यह उपलब्धि समावेशी शिक्षा, खेल संस्कृति तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में धमतरी जिले की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। जिलेवासियों को विश्वास है कि सत्यांशु दीप स्वीडन में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत, छत्तीसगढ़ एवं धमतरी का गौरव विश्व मंच पर और अधिक ऊँचा करेंगे।





0 टिप्पणियाँ