जागरूक और सुरक्षित बच्चे ही विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव हैं : डॉ. वर्णिका शर्मा
धमतरी।छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा धमतरी से लगभग 85 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम घठुला के शासकीय हाईस्कूल में बाल चौपाल 2.0 का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित इस बाल चौपाल में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के समक्ष अपनी बातें रखीं और विभिन्न विषयों पर खुलकर संवाद किया।
आयोग की दो दिवसीय धमतरी प्रवास के तहत आज शाम "समझदार पालक–सशक्त प्रदेश" कार्यक्रम के अंतर्गत "बदलते परिवेश में बच्चों का बदलता व्यवहार" विषय पर एक विशेष सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इस सेमिनार में अभिभावकों, शिक्षकों एवं बाल संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों के साथ बच्चों के मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक बदलावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा सकारात्मक पालन-पोषण और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
वहीं 29 जुलाई को आयोग द्वारा विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जिला बाल कल्याण समिति के माननीय अध्यक्ष एवं सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड के माननीय अध्यक्ष एवं सदस्य, विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी तथा एकीकृत बाल संरक्षण योजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में जिले में बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों एवं समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।





0 टिप्पणियाँ