सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले केजव्हील सीवीसी का उपयोग नहीं करने की परिवहन अधिकारी ने की अपील
धमतरी। कलेक्टर के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग के परिवहन उड़नदस्ता ने सड़कों पर केजव्हील लगाकर ट्रैक्टर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच के दौरान केजव्हील लगे तीन ट्रैक्टरों के मालिकों पर जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से ऐसे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है, जो कृषि कार्य के अलावा सार्वजनिक सड़कों पर भी केजव्हील लगे ट्रैक्टरों का संचालन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि केजव्हील का उपयोग मुख्य रूप से खेतों में कृषि कार्य के लिए किया जाता है, लेकिन सार्वजनिक एवं पक्की सड़कों पर इनका इस्तेमाल सड़क सुरक्षा और सड़क संरचना, दोनों के लिए नुकसानदायक है। केजव्हील के कारण सड़क पर चलने वाले अन्य वाहनों को भी असुविधा होती है और सड़क के किनारे की पटरी तथा पुल-पुलियों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
जिला परिवहन अधिकारी ने ट्रैक्टर मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों पर केजव्हील लगाकर ट्रैक्टर का संचालन न करें। उन्होंने कहा कि सड़कें सभी के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी वाहन चालकों की भी है। उन्होंने वाहन मालिकों से नियमों का पालन करने और कृषि कार्य के लिए उपयोग किए जाने वाले केजव्हील को पक्की सड़कों पर न चलाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ