NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

DMT:जिले के नए पुलिस कप्तान भावना पांडेय ने लिया चार्ज,कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की ली जानकारी

 


आमजन को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश


धमतरी। जिले में आज 13 जुलाई को  प्रशासनिक दायित्वों के क्रम में नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक, धमतरी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के अनुरूप उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील प्रकरणों, चल रहे विशेष अभियानों, सामुदायिक पुलिसिंग तथा विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा एवं आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाए।


पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू हुई तथा शाखाओं की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं दैनंदिन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं त्वरित कार्यवाही के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नागरिकों के साथ सतत संवाद एवं विश्वास कायम रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी, उत्तरदायित्व एवं समर्पण ही धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।


इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी,एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक  दीपक शर्मा,  सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ