भूपेंद्र साहू
धमतरी। शिक्षण सत्र की शुरुआत हुई दो माह बीत चुके है लेकिन अभी भी कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।धमतरी जिले के ग्राम पंचायत बारना स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने पर छात्र-छात्राओं, स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
पढ़ाई हो रही है प्रभावित
कक्षा 12वीं की विद्यार्थियों ने बताया कि लगभग तीन चार साल से पांच मुख्य विषय हिंदी, अंग्रेजी, रसायन शास्त्र, सामाजिक विज्ञान और भूगोल विषय के शिक्षक नहीं है। बोर्ड परीक्षा है जब इन विषयों की पढ़ाई नहीं होगी तो परिणाम कैसा आएगा। प्रशासन को इस संबंध में ध्यान देना चाहिए। जब तक उनके मांगे पूरी नहीं होती तब तक डटे रहेंगे। दो माह बीत जाने के बाद भी पढ़ाई नहीं हो रही है। कई बार आवेदन दिया जा चुका है लेकिन अब तक शिक्षकों की कमी पूरी नहीं हो पाई है।
सिर्फ आश्वासन मिल रहा है
ग्राम पंचायत बारना के सरपंच दीपक पटेल ने बताया कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए पहले भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। विभाग से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की थी और समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।इसके बावजूद जब शिक्षकों की कमी दूर नहीं हुई तो ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन समिति ने तालाबंदी का फैसला लिया।
बारिश में भी स्कूल गेट पर डटे छात्र
प्रदर्शन के दौरान बारिश भी छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के हौसले को नहीं तोड़ सकी। बरसते पानी के बीच विद्यार्थी और ग्रामीण स्कूल के गेट पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।छात्र-छात्राओं ने पर्याप्त शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।
सूचना पर प्रशासन की ओर से अतिरिक्त तहसीलदार मधुकर सिरमौर स्कूल पहुंचे।




0 टिप्पणियाँ