धमतरी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिला साहू समाज महिला प्रकोष्ठ, जिला साहू संघ धमतरी के सदस्यों ने सीतानदी कैंप पहुंचकर वीर जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी। बहनों से राखी बंधवाकर जवान भावुक और गदगद नजर आए। महिलाओं ने जवानों को मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना की।
राखी बंधवाते समय जवानों ने कहा कि त्योहार पर घर नहीं जा पाने की कमी बहनों के स्वयं कैंप पहुंचने से पूरी हो गई। उन्होंने कहा कि बहनों का इस तरह स्नेह और सम्मान देने के लिए पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। जवानों ने देशसेवा के प्रति अपना संकल्प दोहराया। महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जागृति साहू ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले और देशवासियों के साथ मां-बहनों की सुरक्षा में तैनात जवानों को राखी बांधना उनके लिए गर्व का अवसर है। संगठन सचिव डॉ मंजूषा साहू ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सभी वीर जवान स्वस्थ और दीर्घायु रहें तथा इसी तरह देश की सेवा करते रहें। अपने जांबाज सिपाहियों पर हम सभी को गर्व है।
जिला साहू संघ धमतरी के अध्यक्ष गणेश राम साहू ने कहा कि वीर जवान अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर उनके साथ राखी का पर्व मनाना समाज के लिए सम्मान और गौरव की बात है।महासचिव विजय साहू ने कहा कि जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करने के लिए महिला प्रकोष्ठ की पहल सराहनीय है। इससे सैनिकों का मनोबल बढ़ता है।






0 टिप्पणियाँ