प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर किया गया रेफर
धमतरी। मंगलवार सुबह मजदूरों को लेकर आलेखुंटा जा रही एक छोटा हाथी वाहन कातलबोड़ के पास पुलिया के डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में महिला-पुरुष सहित 13 मजदूर घायल हो गए। इनमें चार महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चारों महिलाओं को रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 7 बजे अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनीखुर्द से 12 महिला और 5 पुरुष समेत कुल 17 मजदूर खेती कार्य के लिए पिकअप क्रमांक सीजी 04 क्यूजी 4898 में सवार होकर आलेखुंटा के लिए रवाना हुए थे। कातलबोड़ के पास पहुंचने पर चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से जा टकराया।
दुर्घटना में सिवनीखुर्द निवासी ज्योति कंवर, पूर्णिमा पटेल, कुंती पटेल और दिनेश्वरी को छाती एवं सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा जामुन साहू (30), सोमनी पटेल (35), रेवती ध्रुव (48), अशोक कुमार, शेषनारायण साहू, परमानंद ध्रुव (40), पुनुराम पटेल और पिकअप चालक हेमराज अंसारी सहित अन्य मजदूर घायल हुए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा छोटा हाथी चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




0 टिप्पणियाँ