भूपेन्द्र साहू
धमतरी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से मंगलवार को धमतरी और बलरामपुर में हड़कंप मच गया। ED की टीम ने धमतरी स्थित अमलतास पुरम में चेतन बोरघरिया के निवास पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि बोरघरिया वर्तमान में बलरामपुर जिले में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, चेतन बोरघरिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी अधिकारियों में रहे हैं और उनके ओएसडी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। मंगलवार को ED की टीम ने बलरामपुर में भी कार्रवाई की, जिसके बाद बोरघरिया से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जाता है कि चेतन बोरघरिया मूल रूप से धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के निवासी हैं। एक ही दिन बलरामपुर और धमतरी में ED की कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है।
हालांकि, ED की कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




0 टिप्पणियाँ