धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों से संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का सिलसिला लगातार जारी है।
कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ के पानी के बीच फंसे 9 लोगों को पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 9 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
इसी तरह ग्राम नारी, कुरुद स्थित शराब दुकान परिसर में बाढ़ के पानी के कारण कुछ लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ रायपुर की टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ जवानों ने तत्परता और सुरक्षित रेस्क्यू तकनीक का उपयोग करते हुए सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान तहसीलदार कुरुद, जिला आबकारी अधिकारी एवं उनकी टीम तथा पुलिस दल कुरुद मौके पर उपस्थित रहे और बचाव कार्य की निगरानी करते हुए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया।
चंद्रसूर में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों को निकाला
चंद्रसूर क्षेत्र में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों की सूचना प्राप्त होने पर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत प्रदान की। समय पर सूचना, त्वरित कार्रवाई और समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा सका।



0 टिप्पणियाँ