मोटर सायकल व मोबाइल सहित 11.80 लाख रूपये का मशरूका जब्त
धमतरी।पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन निश्चय” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटर सायकल क्रमांक DL-3SFD 9699 में दो व्यक्ति ओड़िशा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं।सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए मेन रोड रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी कर मोटर सायकल को रोककर दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। उनकी विधिवत तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग एवं सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10,20,000रूपये है, बरामद हुआ।गांजा के अतिरिक्त मोटर सायकल क्रमांक कीमत 1,50,000 रूपये एवं मोबाइल फोन कीमत 10,000 रूपये भी जब्त किया। इस प्रकार कुल 11,80,000 रूपये का मशरूका बरामद किया गया।
एहतेशाम,पिता इस्लाम,उम्र 27 वर्ष, निवासी बेहडा सादात,बहरह सादत ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) और तुषार कश्यप, पिता अनिल कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी एफ 178 गली नं.05 चांद बाग करावल नगर, मंदिर मार्ग, उत्तर पूर्वी दिल्ली के विरुद्ध थाना सिहावा में धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।




0 टिप्पणियाँ