NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Murder: मुजगहन में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या से सनसनी.. साथी गंभीर

 


दोस्त की हत्या का बदला लेने की चर्चा 

धमतरी।अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुजगहन में एक बार फिर खूनी वारदात सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मुजगहन के सहड़ा चौक के पास बुधवार रात दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू घायल है। इस सनसनीखेज वारदात के तार पूर्व में हुए अमित गोस्वामी हत्याकांड से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है।


पुराने हत्याकांड से जुड़ रही नई वारदात की कड़ी

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले मुजगहन बाईपास के पास स्थित तालाब से अमित गोस्वामी नामक युवक का शव बरामद हुआ था। उस दौरान घूरकर देखने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में पत्थर से हमला कर अमित की हत्या किए जाने का आरोप दीपांशु साहू और विकास साहू पर लगा था।इसी बीच बुधवार रात दीपांशु साहू और विकास साहू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां पर दीपांशु की मौत हो गई विकास गंभीर रूप से घायल है।



दोस्त की हत्या का बदला लेने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि अमित गोस्वामी की हत्या से नाराज उसके कुछ दोस्तों ने कथित तौर पर बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक हत्या की गुत्थी के बीच दूसरी वारदात ने खड़े किए सवाल

मुजगहन में पहले अमित गोस्वामी की हत्या और अब उसी मामले में आरोपी रहे दीपांशु साहू की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह पुरानी रंजिश का परिणाम है? क्या दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया? या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण है?फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस सनसनीखेज वारदात की कौन-सी सच्चाई सामने आती है। इस बीच खबर आ रही है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।


इस संबंध में अर्जुनी थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है कुछ लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।









एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ