कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगी विभागीय प्रदर्शनी
धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं शासकीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय धमतरी में आयोजित होने वाले एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष प्रदर्शनी की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभागीय स्टॉलों में योजनाओं की जानकारी आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी ढंग से प्रस्तुत की जाए। स्टॉलों में एकरूपता बनाए रखने के लिए समान डिजाइन एवं आकार के फ्लेक्स लगाए जाएं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आयोजन स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत, साउंड सिस्टम, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शालीन एवं गरिमामय रखने तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दर्शकों, अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन रात्रि में जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं अन्य स्थलों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्रकाश व्यवस्था के साथ ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम को भी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। निजी संस्थानों को भी स्थापना दिवस के अवसर पर भवनों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विकास उपलब्धियों को जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ