NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

अधूरे ऑडिटोरियम के लिए 7 करोड़ पास होने पर महापौर, पार्षदों ने मनाई खुशी, कहा - हमने बनाया है हम ही संवारेंगे

 


 


धमतरी। सिहावा रोड मकेश्वर वार्ड में अधूरे पड़े ऑडिटोरियम सह व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के लिए लगभग 7 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर नगर निगम के महापौर और भाजपा के पार्षदों ने अपनी खुशी जाहिर की। पटाखा फोड़ते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाकर इस स्वीकृति पर बधाई दी। 2025 में ही इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


नगर निगम बनने के बाद तत्कालीन महापौर अर्चना चौबे के कार्यकाल में 5 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम सह व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के लिए  23 मई 2018 को मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने भूमि पूजन किया था। ऑडिटोरियम व्यावसायिक परिसर का निर्माण काफी धीमी गति से प्रारंभ हुआ और कुछ समय बाद जाकर वह अधूरा रह गया। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकाल में कार्य आगे नहीं बढ़ सका।अब वर्तमान भाजपा के कार्यकाल में फिर से लगभग 7 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। जिससे शहर वासियों को अब जल्द ही एक ऑडिटोरियम मिल सकेगा। गुरु पूर्णिमा के दिन गुरुवार को स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम महापौर रामू रोहरा अपने भाजपा पार्षदों के साथ निर्माणाधीन ऑडिटोरियम  में पहुंचे। फटाका छोड़कर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। पार्षदों ने इस मौके पर महापौर का अभिनंदन भी किया।


 इस दौरान स्पीकर कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, नरेंद्र रोहरा, शिवानी साहू, अखिलेश सोनकर, विभा चंद्राकर,पार्षद आशा लोधी, नम्रता पवार, चंद्रभागा साहू, सतीश पवार, हेमंत बंजारे, ईश्वर सोनकर, संजय देवांगन, भारती साहू, मेघराज ठाकुर, कुलेश सोनी, पिंटू यादव, गजेंद्र कंवर, संजय देवांगन,उपायुक्त पीसी सार्वा,प्रभारी कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत सहित  मिथिलेश सिन्हा,महेंद्र खंडेलवाल, गोपाल साहू एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

 शहर वासियों को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात: रामू रोहरा 

 इस संबंध में महापौर रामू रोहरा ने चर्चा करते हुए बताया कि पिछले 7 साल से यह ऑडिटोरियम का कार्य चल रहा था जो अधूरा पड़ा हुआ था। इसके लिए उनके द्वारा लगातार प्रयास किए गए आज ही 6 करोड़ 90 लाख की स्वीकृति प्राप्त हुई है  बहुत जल्द टेंडर निकालकर इसके अधूरे कार्य पूरे किए जाएंगे।इस राशि में सेंट्रल एसी,टाइल्स, बैठक व्यवस्था सहित बाकी बचे हुए अधूरे कार्य पूरे होंगे। इस इस 500 सीटर ऑडिटोरियम सह व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को 1 साल में पूरा करना है लेकिन हमारा लक्ष्य 6 माह में पूरा करना रहेगा। पिछले 5 साल के कांग्रेस कार्यकाल में इसमें राशि लाने के लिए कोई पहल नहीं की गई थी, वरना यह अब तक मिल चुका होता। बहुत जल्द शहर वासियों के लिए यह एक बड़ी सौगात होगी। अब इसके बाद स्टेडियम के लिए प्रयास किया जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ