NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Fire: बगौद फूड पार्क के तेल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन मजदूर झुलसे,सुरक्षा पर सवाल?


धमतरी।कुरूद क्षेत्र के बगौद फूड पार्क स्थित एक तेल फैक्ट्री में गुरुवार की रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर भागे।

इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूर झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मजदूरों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही कुरूद और धमतरी से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। धमतरी की टीम में फायरमैन नंदकुमार निषाद, अरुण यादव, चालक जितेश साहू थे।दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उसे बुझाने में काफी समय लग गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी और आसपास की अन्य इकाइयों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आग लगने से फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहे हैं।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ