NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

HPV Vaccine: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये 16 मार्च से टीकाकरण अभियान का जिला अस्पताल में होगा शुभारंभ

 


14 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क लगेगा टीका

धमतरी। भारत सरकार द्वारा किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (HPV) वैक्सीन टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी ने 28 फरवरी 2026 को किया था।


 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धमतरी डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि इसी क्रम में जिला अस्पताल धमतरी में 16 मार्च से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। यह वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक है।


डॉ. कौशिक ने बताया कि टीकाकरण के लिए किशोरी की आयु का प्रमाण आवश्यक होगा, जिसके लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य रहेगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो अभिभावकों द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जा सकेगा।

 उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष तथा निगरानी कक्ष की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही एचपीवी वैक्सीन, एडी सिरिंज, वैक्सीन वायल ओपनर, एनाफिलेक्सिस किट, हैंड सैनिटाइज़र सहित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।


टीकाकरण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। साथ ही टीकाकरण की जानकारी यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर दर्ज की जाएगी, जिससे लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ