धमतरी। सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में PM-RAHAT (Road Accident Victim Hospitalization and Assured Treatment) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर धमतरी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के समस्त शासकीय एवं निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यशाला में बताया गया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को गोल्डन आवर (24 घंटे के भीतर) त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सूचीबद्ध अस्पतालों में भर्ती होने की स्थिति में अधिकतम 7 दिनों तक या ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी। योजना का लाभ देश के किसी भी मान्यता प्राप्त शासकीय या निजी अस्पताल में लिया जा सकता है तथा पीड़ित या परिजनों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र में योजना के प्रावधानों, उपचार प्रक्रिया, क्लेम सबमिशन एवं eDAR / i-RAD TMS 2.0 पोर्टल पर पंजीयन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। अस्पतालों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना पीड़ितों का त्वरित पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेज समय पर अपलोड करें।
इस दौरान अधिकारियों ने जिले के सभी अस्पतालों में 24×7 आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाएं सुनिश्चित करने तथा पुलिस व परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत से जुड़े अधिकारी, NIC प्रतिनिधि एवं अस्पताल संचालक उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ