ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित पुलिस सुविधा
धमतरी। थाना रूद्री क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगांव में आमजन की सुरक्षा, त्वरित पुलिस सहायता एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस सहायता केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी ने फीता काटकर पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए CSP ने कहा कि इस केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्राम भटगांव में महिला कमांडो दल का गठन भी किया गया। यह महिला कमांडो दल क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता अभियान, सामाजिक अपराधों की रोकथाम तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।साथ ही नवगठित महिला कमांडो दल को आवश्यक सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया, जिससे वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
धमतरी पुलिस का सतत प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी, संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण निर्मित हो। पुलिस सहायता केंद्र एवं महिला कमांडो दल की स्थापना इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच फागू राम साहू, जनपद सदस्य, पंचगण, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष, अमित सिंह थाना प्रभारी रूद्री सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ