NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Action: बिना पर्ची कफ सिरप बेचना पड़ा महंगा, मेडिकल स्टोर हुआ सील



कांकेर के टीम ने धमतरी में की कार्यवाही

धमतरी। जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ़ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई को अंजाम दिया और बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही नशीली कफ सिरप को मौके से जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद शहर के मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार धमतरी शहर के आमातालाब रोड स्थित सुश्रुता मेडिकल स्टोर में बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के नशीली कफ सिरप बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। रिटेल संचालक द्वारा कांकेर में भी माल सप्लाई किया गया था। जहां पर कुछ शिकायतें मिली थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए कांकेर की टीम धमतरी पहुंची और स्थानीय पुलिस, ड्रग विभाग, पुलिस की मौजूदगी में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

टीम ने पहले एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर भेजा, जहां से प्लेनोकॉफ नामक कफ सिरप की 8 से 9 बोतलें बिना डॉक्टर की पर्ची के बेच दी गईं। पुष्टि होते ही अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी और पंचनामा तैयार करते हुए मेडिकल स्टोर को तत्काल सील कर दिया।मेडिकल स्टोर से जब्त दवाओं का रिकॉर्ड, बैच नंबर और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद टीम ने धमतरी के एक होलसेल मेडिकल स्टोर में भी पहुंचकर स्टॉक का सत्यापन किया और सप्लाई चेन की जांच शुरू की।इस कार्रवाई के बाद धमतरी के मेडिकल संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि जिले या आसपास के क्षेत्रों में और किन दुकानों से प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई की जा रही है।


सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि कांकेर पुलिस को एक युवक के पास से प्लेनोकॉफ सिरप मिला था, जिसमें कोडीन (Codeine) पाया गया. जांच में सामने आया कि इस सिरप की खरीद धमतरी के सुश्रुता मेडिकल से की गई थी. कोडीन युक्त दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है और इसकी बिक्री बिना डॉक्टर की लिखित पर्ची के प्रतिबंधित है।यदि दवा शेड्यूल H1 श्रेणी की है और बिना प्रिस्क्रिप्शन बेची जाती है, तो मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

मेडिकल संचालकों को सख्त चेतावनी

सीएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि चंद पैसों के लालच में लोगों की जिंदगी दांव पर न लगाएं। कोडीन युक्त दवाओं की अवैध बिक्री समाज के लिए बेहद घातक है। सूचना मिलने पर लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले हफ्तों में जिले के अन्य मेडिकल स्टोर्स पर भी बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ