NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

5 एकड़ में फैले कचरा संग्रहण केंद्र में लगी भीषण आग, चारों ओर धुएं का गुबार


भूपेंद्र साहू

धमतरी। शहर के सोरिद और बागतराई के बीच स्थित मनीकंचन कचरा संग्रहण केंद्र में सोमवार को भीषण आग लग गई। करीब 5 एकड़ क्षेत्र में फैले इस केंद्र में आग फैलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।



बताया जा रहा है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने के लिए लगाई गई आग धीरे-धीरे फैलते हुए कचरा संग्रहण केंद्र तक पहुंच गई, जिसके बाद वहां रखे सूखे कचरे ने तेजी से आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।आग के कारण पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। चारों तरफ धुआं ही धुआं होने से लोगों को घुटन महसूस होने लगी। आसपास के ग्रामीण एवं राहगीर भी धुएं से परेशान नजर आए।समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हुए थे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण खेतों में जलाई गई पराली को माना जा रहा है।


नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 11 बजे प्राप्त हुई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। दमकल वाहनों के साथ निगम टैंकरों की मदद से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग फैलने से पहले केंद्र में खड़ी गाड़ियों एवं महत्वपूर्ण सामग्रियों को तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ