NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Breaking:मरौद के शीतला मंदिर में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार,मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया..पुलिस बल तैनात

 




भूपेंद्र साहू

धमतरी।जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत मरौद गांव में चोरों ने धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गांव के शीतला मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर माता के छत्र सहित सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखी नगदी रकम चोरी कर ली।


सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब घटना की जानकारी सामने आई। मंदिर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और माता के श्रृंगार में उपयोग होने वाले कीमती आभूषण गायब मिले। जिसमें सोने का हार,कड़ा, श्रृंगार मुकुट, गुलबंद, पायल शामिल है। चोरी के लिए चोरों ने माता की मूर्ति को भी खंडित कर दिया ।चोरी की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे, साइबर सेल DSP भानु प्रताप चंद्राकर, कुरूद एसडीओपी रागिनी मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी चंद्रकांत साहू,बिरेझर चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।बताया जा रहा है कि गांव में माहौल शांतिपूर्ण है पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ